छाल। South Eastern Coalfields Limited (SECL) के छाल उपक्षेत्र में कर्मचारियों के परिवहन के लिए संचालित की जा रही शिफ्ट बसों को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि जामपाली से छाल के मध्य संचालित हो रही बसें अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं, जिनमें सफर करना कर्मचारियों के लिए जोखिमभरा साबित हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, निर्धारित नियमों के तहत तीन वर्ष से अधिक पुरानी बसों का संचालन नहीं किया जाना चाहिए, किंतु इसके बावजूद प्रबंधन की कथित उदासीनता और मिलीभगत के कारण जर्जर बसों का संचालन निर्भीक रूप से जारी है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बसों के पास न तो वैध फिटनेस प्रमाण पत्र है और न ही बीमा की समुचित व्यवस्था, फिर भी उन्हें नियमित रूप से ड्यूटी आने-जाने के लिए इन्हीं वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
इन बसों की खराब स्थिति के कारण कर्मचारियों के मन में लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ड्यूटी के लिए निकलते समय कर्मचारियों के मन में यह भय बना रहता है कि वे सुरक्षित कार्यस्थल तक पहुंच पाएंगे या नहीं तथा ड्यूटी के बाद सुरक्षित अपने घर लौट सकेंगे या नहीं।
कर्मचारियों का कहना है कि इस गंभीर विषय पर कई बार मौखिक रूप से ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद एसईसीएल प्रबंधन अब तक मौन बना हुआ है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि शिफ्ट बसों की तत्काल जांच कराई जाए तथा फिटनेस और बीमा सहित सभी आवश्यक नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए सुरक्षित वाहनों की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका से बचा जा सके।
