*उत्खनन प्रभावित पुरुंगा गांव में 28.51 लाख का उपस्वास्थ्य केंद्र और छाल में 50 लाख का सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन तैयार*

*कलेक्टर ने निरीक्षण कर संचालन व परिसर विकास के दिए अतिरिक्त कार्य योजना बनाने के निर्देश*

 

रायगढ़, 22 फरवरी 2026। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम पुरुंगा को स्वास्थ्य और वनांचल के सबसे बड़े ग्राम छाल को सर्व सुविधायुक्त बुनियादी सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली है। ग्राम पुरुंगा में 28 लाख 51 हजार रुपए की लागत से नया उपस्वास्थ्य केंद्र भवन बनकर तैयार हो गया है, वहीं ग्राम छाल में 50 लाख रुपए की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

 

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी वनांचल क्षेत्र के भ्रमण के दौरान इन दोनों निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राम पुरुंगा में नवनिर्मित उपस्वास्थ्य केंद्र भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि इसी माह से स्वास्थ्य केंद्र का सुव्यवस्थित संचालन शुरू किया जाए। उन्होंने उपस्वास्थ्य केंद्र के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर सहजता से उपलब्ध हो सकें।

वहीं ग्राम छाल में निर्मित सर्व सुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामूहिक कार्यक्रमों के लिए शीघ्र जन एवं सामाजिक उपयोग में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बहुउद्देशीय गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

 

उल्लेखनीय है कि यह सामुदायिक भवन मुख्यमंत्री घोषणा की पूर्ति योजना के तहत 50 लाख रूपए की लागत से निर्मित किया गया है। जनपद पंचायत धरमजयगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत छाल द्वारा इस कार्य को 30 दिसंबर 2025 को पूर्ण किया गया।

कलेक्टर ने भवन परिसर के समग्र विकास पर भी जोर देते हुए पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से व्यवसायिक परिसर निर्माण हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवसायिक परिसर के सामने स्थित खाली मैदान के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में यह परिसर क्षेत्र के लिए एक सुव्यवस्थित गतिविधि केंद्र के रूप में विकसित हो सके।

दोनों ग्राम सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित हैं, जहां इन आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।

निरीक्षण के दौरान धरमजयगढ़ एसडीएम श्री प्रवीण भगत, कृषि एसडीओ प्रभास शंकर सिंह, तहसीलदार लोमस मिरी, जनपद सीईओ, छाल की सरपंच श्रीमती मालती राठिया एवं पुरुंगा के ग्रामीण जन उपस्थित थे।

By Apna Patrika

अपना पत्रिका न्यूज़ पोर्टल एक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष डिजिटल समाचार मंच है, जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को जनता तक पहुँचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य सटीक, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़े समाचारों को प्राथमिकता देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *