छाल। क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बहेरामार गांव में संचालित एक अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में महुआ शराब एवं निर्माण सामग्री जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बहेरामार निवासी प्रदीप बेहरा अपने घर के पीछे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब का निर्माण कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक सिंटेक्स टैंक में लगभग 400 लीटर महुआ शराब भरी हुई पाई। इसके अलावा 15-15 लीटर के जार में करीब 120 लीटर शराब और 1-1 लीटर की 10 बोतलें बिक्री के लिए तैयार रखी गई थीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी प्रदीप बेहरा मौके से फरार हो गया, जबकि मौके पर मौजूद मजदूर जयपाल राठिया को गिरफ्तार कर थाना लाया गया है। उससे पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शंभू पांडे, शंकर सिंह क्षत्रिय, आरक्षक सतीश जगत, प्रबंध राठिया, उमेंद्र उरांव, भगवती लक्ष्मे तथा महिला आरक्षक एमरेसिया टोप्पो की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
