छाल (रायगढ़), 20 मार्च 2026। आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा धरमजयगढ़ विकासखंड के तहसील मुख्यालय छाल में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में छाल सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

शिविर में प्राप्त सैकड़ों आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी तत्काल प्रदान किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए तथा इस पहल की सराहना की।

शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई, वहीं आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड निर्माण सहित कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। राजस्व प्रकरणों का मौके पर निराकरण करते हुए नए आवेदनों का पंजीयन भी किया गया।
हाईस्कूल प्रांगण में आयोजित इस शिविर में 20 किसानों को वन अधिकार, फौती, नामांतरण एवं किसान किताब प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। अपेक्स बैंक शाखा धरमजयगढ़ द्वारा किसानों को केसीसी योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये से अधिक का ऋण स्वीकृत किया गया।
समग्र शिक्षा योजना के तहत 5 दिव्यांग विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 8 महिलाओं की गोद भराई एवं 9 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत उन्नति एवं ज्योति महिला स्व-सहायता समूह को आजीविका गतिविधियों हेतु 60-60 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
शिविर में 25 हितग्राहियों को राशन कार्ड तथा 14 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उद्यान विभाग द्वारा 20 से अधिक हितग्राहियों को फलदार पौधे दिए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को वॉकिंग स्टिक तथा मत्स्य पालन विभाग द्वारा आइस बॉक्स एवं मछली जाल वितरित किए गए।
जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी दी कि भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसमें इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। युवाओं से अधिकाधिक संख्या में आवेदन करने की अपील भी की गई।
शिविर से लाभान्वित हितग्राहियों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्राम रीलो के किसान गणेश राम को केसीसी ऋण, ग्राम जोगड़ा के हरनारायण को वन अधिकार, बोकरामुड़ा की सरिता राठिया को राशन कार्ड, छाल की पद्मनी महंत को आयुष्मान कार्ड तथा तीरिथ बाई को आधार कार्ड प्राप्त होने पर उन्होंने खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम श्री प्रवीण भगत, छाल तहसीलदार श्री लोमस मिरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लिनव राठिया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी राठिया, जनपद पंचायत सदस्य श्री संत राम खूँटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायतों के सरपंच, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
