धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के छाल क्षेत्र के ग्राम चंद्रशेखरपुर में एक आदिवासी किसान की जमीन पर कथित रूप से जबरन कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान जय कुमार राठिया का आरोप है कि उसकी खसरा नंबर 116/1 की कृषि भूमि पर सुनील कुमार अग्रवाल की एसकेए कंपनी ने बिना किसी अधिग्रहण या मुआवजे के मिट्टी का बड़ा ढेर लगा दिया है।
किसान का कहना है कि कंपनी ने एसईसीएल से अनुबंध का हवाला देते हुए उसकी जमीन का उपयोग किया, जबकि जमीन का न तो अधिग्रहण किया गया और न ही कोई मुआवजा दिया गया। विरोध करने पर उसे दबाव में चुप कराने की कोशिश भी की गई।
यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि रायगढ़ जिला आदिवासी क्षेत्र है, जहां पेसा कानून लागू है, जो आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन पर अधिकार देता है। इसके बावजूद किसान अपनी ही जमीन बचाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
पीड़ित किसान ने प्रशासन से जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं इस मामले में खनन प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
