रायगढ़, 23 मार्च 2026। रायगढ़ जिले में अपराध एवं गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे ड्रोन सर्वे अभियान के तहत जिला प्रशासन को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। लैलूंगा विकासखंड के ग्राम नवीन घटगांव में अवैध अफ़ीम की खेती का खुलासा करते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिले में ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी कड़ी में नवीन घटगांव क्षेत्र में ड्रोन सर्वे के दौरान एक खेत में अफ़ीम की अवैध खेती होने की पुष्टि हुई।

सूचना मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान किसान साध राम नाथ के खेत में लगभग 11×22 वर्ग फीट क्षेत्र में अफ़ीम की खेती पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया।


इसके अतिरिक्त, ग्राम के ही एक अन्य व्यक्ति अभिमन्यु नागवंशी के घर में अफ़ीम की सूखी फसल रखे होने की जानकारी मिली। टीम के पहुंचने पर आरोपी द्वारा साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे समय रहते रोकते हुए फसल को जब्त किया गया।

दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए ड्रोन सर्वे अभियान निरंतर जारी रहेगा।

By Apna Patrika

अपना पत्रिका न्यूज़ पोर्टल एक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष डिजिटल समाचार मंच है, जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को जनता तक पहुँचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य सटीक, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़े समाचारों को प्राथमिकता देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *