छाल-: छत्तीसगढ़ के छाल क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, छाल के होनहार छात्र कृष महंत ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 97.8% अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में तृतीय स्थान एवं जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

कृष महंत की इस सफलता पर छाल तहसीलदार लोमस कुमार मिरी ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तहसील कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में तहसीलदार ने कृष को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर तहसील कार्यालय के कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कृष की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कृष महंत की यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ निश्चय से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी सफलता ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।
