छाल। छाल क्षेत्र में बीती रात राजस्व विभाग, वन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक क्रमांक CG 04 JD 9313 को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस कार्यवाही में छाल तहसीलदार लोमेश मिरी, छाल पुलिस और छाल रेंजर राजेश चौहान लोमस मिरी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रहे एक संदिग्ध ट्रक को रात्रि करीब 10 बजे संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी कर रोका गया। जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में अवैध रूप से परिवहन की जा रही महानिम, नीलगिरी एवं सागौन की लकड़ियां बरामद की गईं।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को देखते ही ट्रक चालक एवं हेल्पर वाहन की चाबी लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने ट्रक को जब्त कर लिया और Forest Conservation Act, 1980 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया।

प्रारंभिक जांच में ट्रक की नंबर प्लेट भी संदिग्ध एवं फर्जी प्रतीत हो रही है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन द्वारा ट्रक मालिक एवं फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध वन संपदा परिवहन एवं तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
