कोयलांचल के काले हीरे के बीच चमक उठा असली हीरा 500 में से प्राप्त किए 499 अंक 

छाल:-कहते हैं कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती और इसे सच कर दिखाया है रायगढ़ जिले के सुदूर कोयलांचल क्षेत्र छाल की मेधावी छात्रा आद्यशा परिदा ने। डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल छाल की छात्रा आद्यशा ने सीबीएसई कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय और माता पिता बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का नाम रोशन किया है। आद्यशा ने 500 में से 499 अंक अर्जित कर राज्य स्तरीय मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
​आद्यशा एक प्रबुद्ध परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता देवाशीषा परिदा डीएवी पब्लिक स्कूल छाल में अंग्रेजी के व्याख्याता हैं वहीं उनकी माता श्रीमती सोमा परियाल डीएवी पब्लिक स्कूल गेवरा प्रोजेक्ट कोरबा में भौतिकी की लेक्चरर हैं। आद्यशा की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।

चुनौतियों को बनाया सीढ़ी

​आद्यशा की यह यात्रा आसान नहीं थी। नर्सरी से कक्षा 10वीं तक इसी विद्यालय में पढ़ते हुए वे हमेशा से अव्वल रही हैं। बोर्ड परीक्षा के ठीक पहले माता का तबादला कोरबा हो जाने के बाद भी आद्यशा विचलित नहीं हुईं। उन्होंने खुद को मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत किया और अपनी पढ़ाई की लय बरकरार रखी। उनकी यह एकाग्रता आज परिणाम के रूप में सबके सामने है।

सफलता का मंत्र और भविष्य का लक्ष्य

​अपनी इस असाधारण उपलब्धि का श्रेय आद्यशा अपने माता पिता, गुरुजनों और स्कूल के प्राचार्य के.डी. शर्मा को देती हैं। आद्यशा ने बताया कि वे भविष्य में IIT भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में प्रवेश लेना चाहती हैं और अब उनका पूरा ध्यान पूरी लगन के साथ JEE परीक्षा की तैयारी पर है।


प्रेरणा का स्रोत बनी आद्यशा

​छाल जैसे दूरस्थ कोयलांचल क्षेत्र से निकलकर प्रदेश की टॉपर बनना इस क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए एक मिसाल है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि इस कोयलांचल की धरती न केवल काला हीरा उगलती है बल्कि यहाँ आद्यशा जैसे चमकते हुए असली हीरे भी तराशे जाते हैं।
आद्यशा की इस ऐतिहासिक सफलता पर डीएवी स्कूल प्रबंधन स्थानीय जन प्रतिनिधियों एसईसीएल अधिकारियों और क्षेत्र के शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। पूरा छाल क्षेत्र अपनी इस लाडली की उपलब्धि पर गौरवान्वित है।

By Apna Patrika

अपना पत्रिका न्यूज़ पोर्टल एक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष डिजिटल समाचार मंच है, जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को जनता तक पहुँचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य सटीक, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़े समाचारों को प्राथमिकता देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *