छाल। 29 सितंबर को प्रस्तावित जनसुनवाई को लेकर स्थल पर टेंट लगाने की प्रक्रिया शुरू होते ही ग्रामीणों का विरोध सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर टेंट लगाए जाने का विरोध करते नजर आए। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
ग्रामीणों और प्रशासन के बीच मौके पर काफी देर तक चर्चा एवं बातचीत का दौर चलता रहा। इस दौरान छाल तहसीलदार, पुलिस प्रशासन तथा SECL छाल उपक्षेत्र के अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी भी स्थल पर उपस्थित रहे। ग्रामीणों द्वारा अपनी आपत्तियां एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।
मौके पर ग्रामीणों की मौजूदगी और विरोध के बीच प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्थिति को समझने तथा मामले को शांतिपूर्ण ढंग से संभालने का प्रयास किया गया। अब देखने वाली बात यह होगी कि ग्रामीणों की आपत्तियों पर प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है और 29 सितंबर की प्रस्तावित जनसुनवाई किस रूप में आगे बढ़ती है।
