छाल-: छत्तीसगढ़ शासन की मंशा अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से तहसील छाल के अंतर्गत ग्राम हाटी में ‘सुशासन तिहार 2026’ शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला, जहाँ दोपहर तक कुल 875 आवेदन प्राप्त हुए।

प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीनव राठिया उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया और उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे ।

इन प्रमुख सेवाओं का मिला लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण एवं पंजीयन किया गया। मुख्य रूप से निम्नलिखित सेवाएं प्रदान की गईं:
कृषि एवं राजस्व : एग्रीस्टैक (AgriStack) और पंचायत स्तर के अविवादित नामांतरण।
ई-केवाईसी सुविधा : खाद्य विभाग एवं महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी।
पंजीयन एवं कार्ड : आधार कार्ड, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड।
स्वास्थ्य : स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जांच शिविर का आयोजन।
गर्मी को देखते हुए प्रशासन के विशेष इंतजाम
एसडीएम महोदय के निर्देशन में भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शिविर में आने वाले नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को ओआरएस (ORS), मीठा नींबू पानी और चना-मुर्रा का वितरण किया गया। प्रशासन की इस संवेदनशीलता और व्यवस्था की ग्रामीणों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
त्वरित निराकरण पर जोर
सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में प्राप्त 875 आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है, ताकि उनका समय सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। इस आयोजन से न केवल ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली, बल्कि शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ी।
