छाल:- उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ और नियमों की अनदेखी करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। छाल तहसील के ग्राम हाटी स्थित ‘इंद्रा पेट्रोलियम प्वाइंट’ के खिलाफ लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आज राजस्व, खाद्य और नापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने पंप पर औचक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान पंप में भारी अनियमितताएं पाए जाने पर अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजल टंकी के एक नोजल को सील कर दिया है।

जांच में खुली कमियों की पोल, नियमों की उड़ी धज्जियां
तहसीलदार, नापतौल निरीक्षक और खाद्य निरीक्षक की संयुक्त टीम जब जांच के लिए पहुंची, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले CCTV कैमरे बंद पड़े थे। इसके अलावा, पंप प्रबंधन द्वारा बिक्री से जुड़ा कोई भी रिकॉर्ड (रजिस्टर) संधारित नहीं किया जा रहा था और न ही मौके पर ऑनलाइन ऑटोमेशन रिकॉर्ड उपलब्ध मिला।
एक डीजल नोजल सील, आगे भी होगी कड़ी कार्रवाई
इन गंभीर लापरवाहियों और अनियमितताओं को देखते हुए संयुक्त टीम ने सख्त रुख अपनाया। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीजल टंकी के दो नोजल में से एक नोजल को सील कर दिया।
अधिकारियों की चेतावनी
”उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्रशासन बेहद गंभीरता से ले रहा है। नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भी किसी प्रतिष्ठान के खिलाफ शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो इससे भी अधिक दंडात्मक और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
